नागपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 60 लीटर हाथभट्टी शराब जब्त
Published on 18 September 2026
नागपुर: यशोधरानगर थाना क्षेत्र में एस्कॉर्ट पथक ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से देशी शराब और हाथभट्टी की शराब का बड़ा स्टॉक बरामद किया है। जब्त किए गए शराब और नकदी समेत कुल 18 हजार 370 रुपये का मुद्देमाल पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 की रात करीब 1:05 से 1:40 बजे के बीच एस्कॉर्ट पथक को यशोधरानगर चौक के लाल झेंडा चौक के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में 65 वर्षीय बाबुलाल गोविंदलाल घुमे के घर पर छापा मारा।
तलाशी के दौरान पुलिस को देशी शराब संत्रा नंबर-1 की 90 मिलीलीटर वाली 54 बोतलें, करीब 60 लीटर हाथभट्टी और मोहफूल से बनी देशी शराब का स्टॉक मिला। पूछताछ में आरोपी ने शराब बिक्री के लिए लाने की बात बताई। पुलिस ने शराब के साथ बिक्री से प्राप्त नकदी भी जब्त की।
जांच के दौरान आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया। पुलिस के मुताबिक, वह पहले भी अवैध शराब बिक्री में लिप्त रहा है और गणेशोत्सव व नवरात्रि के मद्देनजर 13 से 26 सितंबर 2026 तक अस्थायी रूप से हद्दपार किया गया था। इसके बावजूद क्षेत्र में पाए जाने और शराब रखने पर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम की धारा 65(ई) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी को जब्त मुद्देमाल सहित यशोधरानगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।