अवैध हथियार सहित युवक गिरफ्तार, गुन्हे शाखा अंमली पदार्थ विरोधी पथक की कार्रवाई
Published on 16 September 2026
नागपुर,  शहर पुलिस की गुन्हे शाखा अंमली पदार्थ विरोधी पथक ने आज सुबह 9:25 बजे से दोपहर 2:30 बजे के बीच गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एक अवैध हथियार के साथ घूम रहे युवक को गिरफ्तार किया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामदेवबाबा टेकडी के पीछे, योगेंद्र नगर के कच्चे रास्ते पर हरे रंग की फुल टी-शर्ट और स्लेटी जींस पहने एक व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना की पुष्टि कर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वर्णन से मेल खाते युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अमन त्रिवेणीप्रसाद गुप्ता (23 वर्ष), मूल निवासी भैरवगंज, तहसील पट्टी, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश), वर्तमान पता योगेंद्र नगर, गिट्टीखदान, नागपुर के रूप में हुई। तलाशी में उसकी पैंट की जेब से एक जिंदा कारतूस और कमर में खोंसा हुआ एक अग्नि-शस्त्र बरामद हुआ। कुल 76,000 रुपये कीमत का मुद्देमाल जब्त किया गया है।
आरोपी के खिलाफ गिट्टीखदान थाने में धारा 3, 25 भारतीय हथियार अधिनियम और धारा 135 महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए उसे थाने के हवाले किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।