राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 3 साल: डिजिटल इंडिया, दिव्यांग सशक्तिकरण और Net Zero की दिशा में अग्रसर
Published on 25 July 2025
25 जुलाई 2025 को भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण किए। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति संपदा से जुड़ी कई जन-हितैषी और नवाचारपूर्ण पहलों में भाग लिया। बीते तीन वर्षों में राष्ट्रपति भवन को दिव्यांगजन अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए, जिसके अंतर्गत पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांगजन संस्थान की 50 सिफारिशों को लागू कर राष्ट्रपति भवन, अमृत उद्यान और संग्रहालय को दिव्यांगजनों के लिए सुलभ बनाया गया। इसके साथ ही राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट को 22 भारतीय भाषाओं में लॉन्च कर नागरिकों की डिजिटल पहुँच को और अधिक व्यापक बनाया गया।

राष्ट्रपति निवासों में आगंतुकों और निवासियों के लिए नई सुविधाओं का निर्माण भी किया गया, जिनमें हैदराबाद स्थित राष्ट्रपति निलयम में ‘निलयम निकुंज’, मशोबरा के राष्ट्रपति निवास में कैफेटेरिया, स्मृति वस्त्र दुकान और स्वागत कक्ष, तथा राष्ट्रपति भवन में एक आधुनिक जिम और विज़िटर फैसिलिटेशन सेंटर की शुरुआत शामिल है। साथ ही, ‘ई-उपहार सीजन 2’ के अंतर्गत 250 से अधिक उपहारों की नीलामी शुरू की गई, जिससे प्राप्त राशि बच्चों के कल्याण हेतु समर्पित की जाएगी। वर्ष भर की प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाती एक ई-बुक भी जारी की गई।
राष्ट्रपति भवन को मार्च 2027 तक ‘नेट ज़ीरो’ परिसर बनाने की दिशा में भी पहल आरंभ की गई है। इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि बीते तीन वर्षों में कई ऐसे निर्णय लिए गए और कार्य किए गए हैं, जिन्होंने नागरिकों और राष्ट्रपति भवन के बीच जुड़ाव को और अधिक गहरा किया है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि समाज के सभी वर्ग, विशेष रूप से वंचित और पिछड़े वर्ग, देश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने राष्ट्रपति भवन को दिव्यांगजन के लिए अधिक सुलभ बनाए जाने पर संतोष जताया और विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में और भी जनकल्याणकारी पहलों की शुरुआत की जाएगी।