नागपुर महिला से अभद्र व्यवहार और विनयभंग के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
Published on 7 November 2026
नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र में महिला के साथ अभद्र व्यवहार और विनयभंग करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कलमना थाना क्षेत्र में रहने वाली 32 वर्षीय महिला ने अपने परिचित दो युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय धुरू कैलाश बुवाडे, निवासी ग्राम परसठाने, पोस्ट करपा, तहसील मुलताई, जिला बैतूल (मध्य प्रदेश) और 29 वर्षीय सचिन विनयकुमार पांडे, निवासी केजेन सोसायटी, काटोल रोड, गिट्टीखदान, नागपुर के रूप में हुई है।
शिकायत के मुताबिक, 5 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे जब महिला अपने काम से घर लौट रही थी, तब दोनों आरोपियों ने उसका पीछा किया। इसके बाद उसी रात करीब 11:40 से 11:50 बजे के बीच महिला अपनी बेटी के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान दोनों आरोपी उसके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया।
आरोप है कि आरोपियों ने महिला के साथ अश्लील और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया तथा ऐसी हरकतें कीं, जिससे उसकी गरिमा को ठेस पहुंची। महिला की शिकायत के आधार पर कलमना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को तलाश कर गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 78, 79, 75(1)(2), 333 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।