गणेश मूर्तियों का पर्यावरणपूरक विसर्जन मनपा का क्यूआर कोड बना नागरिकों का सहारा
Published on 16 September 2026
नागपुर, 16 सितंबर : शहर में गणेशोत्सव के दौरान श्रीगणेश मूर्तियों का पर्यावरणपूरक विसर्जन सुनिश्चित करने के लिए नागपुर महानगरपालिका ने विभिन्न क्षेत्रों में कृत्रिम तालाब बनाए हैं। एक और डेढ़ दिन के गणेश विसर्जन के दौरान मनपा द्वारा बनाए गए 89 कृत्रिम तालावों में 2,079 मूर्तियों का विसर्जन किया गया, जिनमें 2,010 मिट्टी की और 69 पीओपी (प्लास्टर ऑफ पेरिस) की मूर्तियां शामिल हैं।
मनपा शहर में चरणबद्ध तरीके से कुल 419 कृत्रिम विसर्जन कुंड तैयार कर रही है। इनमें से कुछ कुंडों का लोकार्पण महापौर श्रीमती नीता ठाकरे के हाथों फुटाळा तालाब परिसर में किया गया। बड़े आकार की गणेश मूर्तियों के विसर्जन हेतु गोरेवाडा, पुलिस लाइन टाकळी, लकड़गंज स्थित कच्छी विसा और कोराडी में विशेष बड़े तालाब बनाए गए हैं।
मनपा के दस जोन में सबसे अधिक विसर्जन धरमपेठ जोन (37 तालाब, 691 मूर्तियां) और लक्ष्मीनगर जोन (10 तालाब, 1,100 मूर्तियां) में दर्ज किया गया। अन्य जोन जैसे हनुमाननगर, धंतोली, नेहरूनगर, गांधीबाग, सतरंजीपुरा और मंगळवारी में भी विसर्जन हुआ।
नागरिकों की सुविधा के लिए मनपा ने एक क्यूआर कोड और वेबसाइट (ganpati-zone-map.emergent.host) उपलब्ध कराई है, जिससे मोबाइल पर स्कैन करते ही निकटतम कृत्रिम तालाब की जानकारी और गूगल मैप दिशा-निर्देश मिल जाते हैं।
महापौर नीता ठाकरे ने नागरिकों से अपील की कि मूर्तियों का विसर्जन प्राकृतिक तालाबों, कुओं या नालों में न कर मनपा के कृत्रिम तालावों में ही करें, ताकि जलस्रोत प्रदूषित न हों।