अवैध हुक्का पार्लर पर छापा मालिक समेत कई गिरफ्तार
Published on 15 September 2026
नागपुर पुलिस की (क्राइम ब्रांच) ने सीताबर्डी क्षेत्र में चल रहे एक अवैध हुक्का पार्लर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मालिक, वेटरों और ग्राहकों सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को पक्की सूचना मिली थी कि सीताबर्डी थाना क्षेत्र में लक्ष्मीभवन चौक के पास स्थित 'सेकंड फ्लोर कैफे' में देर रात तक अवैध रूप से हुक्का पार्लर चलाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर 15 सितंबर 2026 की रात करीब साढ़े बारह बजे से दो बजे के बीच पंचों की उपस्थिति में छापेमारी की गई। छापे के दौरान पाया गया कि कैफे मालिक और मैनेजर ने गेट अंदर-बाहर से बंद कर, ताला लगाकर ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा था। दूसरे रास्ते से अंदर प्रवेश करने पर किचन में दो और काउंटर पर एक व्यक्ति मिला, जबकि कैफे में कुल 23 ग्राहक मौजूद थे।
पूछताछ में कैफे मालिक ने अपनी पहचान 26 वर्षीय सन्नी विकास बोरकर के रूप में दी और स्वीकार किया कि उसके पास हुक्का पार्लर चलाने का कोई वैध लाइसेंस नहीं है। जांच में सामने आया कि वह बिना अनुमति के, आर्थिक लाभ के लिए अवैध रूप से यह पार्लर चला रहा था और सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा से अधिक देर तक इसे खुला रखता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हुक्का पॉट, हुक्का नलियां, एलईडी टीवी, सोफे, रेफ्रिजरेटर, डीवीआर और विभिन्न फ्लेवर के तंबाकू सहित कुल 2,02,000 रुपये मूल्य का मुद्देमाल जब्त किया। कैफे मालिक, वेटरों और ग्राहकों के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद निषेध अधिनियम 2003 (महाराष्ट्र संशोधन अधिनियम 2018) की विभिन्न धाराओं तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 33 के तहत सीताबर्डी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील के मार्गदर्शन में गुन्हेशाखा यूनिट क्रमांक 2 और 3 की टीम ने संयुक्त रूप से की। सभी आरोपियों को मुद्देमाल सहित सीताबर्डी पुलिस के हवाले कर दिया गया है और आगे की जांच जारी है।